माँ दुर्गा का पंचम रूप स्कन्दमाता के रूप में जाना जाता है। भगवान स्कन्द कुमार (कार्तिकेय)की माता होने के कारण दुर्गा जी के इस पांचवे स्वरूप को स्कंद माता के नाम से जाना जाता है। इस दिन साधक का मन “विशुध्द चक्र” में अवस्थित होता है। स्कन्द मातृस्वरूपिणी देवी की चार भुजायें हैं, ये दाहिनी ऊपरी भुजा में भगवान स्कन्द को गोद में पकड़े हैं और दाहिनी निचली भुजा जो ऊपर को उठी है, उसमें कमल का फूल पकड़ती हैं। बायीं तरफ़ की ऊपर वाली भुजा वरमुद्रा में होती हैं तथा नीचे वाली भुजा जो ऊपर की ओर उठी है, उसमें भी माता ने कमल-पुष्प लिया हुआ हैं। स्कन्दमाता कमल के पुष्प पर विराजित रहती हैं। इसी कारण इन्हें पद्मासना की देवी और विद्यावाहिनी दुर्गा देवी भी कहा जाता है। इनका वाहन भी सिंह है ।
देवी स्कंदमाता सूर्यमंडल की अधिष्ठात्री देवी हैं । इनकी उपासना करने से साधक अलौकिक तेज की प्राप्ति करता है । यह अलौकिक प्रभामंडल प्रतिक्षण उसके योगक्षेम का निर्वहन करता है । एकाग्रभाव से मन को पवित्र करके माँ की स्तुति करने से दुःखों से मुक्ति पाकर मोक्ष की प्राप्ति होती हैं ।
पूजा विधि
कुण्डलिनी जागरण के उद्देश्य से जो साधक दुर्गा मां की उपासना कर रहे हैं उनके लिए दुर्गा पूजा का यह दिन विशुद्ध चक्र की साधना का दिन माना जाता है। इस चक्र का भेदन करने के लिए साधक को पहले मां की विधि सहित पूजा करनी चाहिए । नवरात्रे की पंचमी तिथि को कहीं कहीं भक्त जन उद्यंग ललिता का व्रत भी रखते हैं।
नवरात्रें के पाँचवे दिन पहले कलश और उसमें उपस्थित देवी देवता की पूजा करें, फिर देवी स्कंदमाता के परिवार में शामिल देवी देवता की पूजा करें। इनकी पूजा के पश्चात स्कंदमाता की पूजा करे, पूजा की विधि शुरू करने से पहले हाथों में फूल लेकर देवी को प्रणाम कर इस मंत्र का ध्यान करें
“सिंहासनगता नित्यं पद्माश्रितकरद्वया
शुभदास्तु सदा देवी स्कन्दमाता यशस्विनी.
तत्पश्चात देवी स्कंदमाता की पूजा षोडशोपचार (गंध, पुष्प, धूप, दीप और नैवेद्य, इन पाँच सामग्री से किया जानेवाला पूजन) करें । स्कंदमाता की पूजा करने के बाद माता को केले का भोग लगाया जाता है । तत्पश्चात भोले शंकर की पूजा करें व सबसे अंत में ब्रह्मा जी के नाम से जल, फूल, अक्षत, सहित सभी सामग्री हाथ में लेकर “ॐ ब्रह्मणे नम:” कहते हुए सामग्री भूमि पर रखें, व स्कंदमाता का ध्यान कर दुर्गा सप्तशती का पाठ करें।
मंत्र, स्तोत्र पाठ, कवच के जाप के साथ घी व कपूर मिलाकर देवी की आरती करें. अंत में दोनों हाथ जोड़कर सभी देवी देवताओं को प्रणाम करें और क्षमा प्रार्थना करें “आवाहनं न जानामि न जानामि वसर्जनं, पूजां चैव न जानामि क्षमस्व परमेश्वरी..
तथा शाम के समय में मां दुर्गा की आरती करें व प्रसाद वितरण करें।
माता को अपने पुत्र स्कन्द(कार्तिकेय) से अधिक प्रेम है अत: मां को अपने पुत्र के नाम के साथ संबोधित किया जाना अच्छा लगता है। जो भक्त माता के इस स्वरूप की पूजा करते है मां उस पर अपने पुत्र के समान स्नेह लुटाती हैं।
जो भक्त देवी स्कन्दमाता की भक्ति-भाव सहित पूजन करते हैं उसे देवी की कृपा प्राप्त होती है. देवी की कृपा से भक्त की मुराद पूरी होती है और घर में सुख, शांति एवं समृद्धि रहती है. वात, पित्त, कफ जैसी बीमारियों से पीड़ित व्यक्ति को स्कंदमाता की पूजा करनी चाहिए और माता को अलसी चढ़ाकर प्रसाद के रूप में ग्रहण करना चाहिए ।
Tags:-
Navratri, God, Bhakti, Skandmata, Fifth day of Navratri, Puja-Vidhi, Fifth avatar, Maa Durga, Navratre Vrat, Kartike, Dandiya, Garba, भगवान स्कन्द, स्कन्दमाता, मां दुर्गा